
उदित वाणी, जमशेदपुर : 1952 से स्थापित एक प्रतिष्ठित पेशेवर इंजीनियरिंग संस्था की वार्षिक बैठक शनिवार शाम 7 बजे आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कॉर्पोरेट सदस्य शामिल हुए. बैठक में मानद सचिव इंजीनियर टी. थिरूमुरुगन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया. केंद्र के अध्यक्ष इंजीनियर सतीश कुमार तिवारी ने नए अध्यक्ष और मानद सचिव के नामों की घोषणा की. टाटा स्टील के इंजीनियर विनीत कुमार शाह एवं एनआईटी जमशेदपुर की डॉ. सीरम माधुरी ने क्रमशः अध्यक्ष एवं मानद सचिव का पदभार संभाला.

बैठक के उपरांत 58वें इंजीनियर्स डे पुरस्कार समारोह मनाया गया, जिसमें भारतरत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 164वीं जयंती का उत्सव मनाया गया. मुख्य अतिथि इंजीनियर सुरेश कुमार (पूर्व उपाध्यक्ष, शेयरड सर्विसेज, टाटा स्टील लिमिटेड) का स्वागत हुआ. अध्यक्ष सतीश तिवारी ने अपने भाषण में इंजीनियर्स डे के महत्व को रेखांकित किया.
समारोह में प्रथम पुरस्कार इंजीनियर प्रोबल घोष (टाटा स्टील) को यांत्रिक अभियंत्रण में उत्कृष्ट योगदान के लिए “डिस्टिंग्विश्ड इंजीनियर अवार्ड” से सम्मानित किया गया. द्वितीय सम्मान इंजीनियर अनुराग सक्सेना (टाटा स्टील, विद्युत अनुरक्षण) को और तृतीय सम्मान डॉ. (श्रीमती) दुलारी हांसदा (एनआईटी जमशेदपुर, यांत्रिक अभियंत्रण विभाग) को “लेडी इंजीनियर अवार्ड” प्रदान किया गया.

मुख्य अतिथि इंजीनियर सुरेश कुमार का परिचय मानद सचिव डॉ. सीरम माधुरी ने दिया. श्री कुमार ने अपने संबोधन में इंजीनियरिंग को संभावनाओं के द्वार खोलने वाली दृष्टि बताया और कहा कि नवाचार से स्थायी व बुद्धिमान भविष्य का निर्माण संभव है. उन्होंने पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों व नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व पर बल दिया.

अंत में अध्यक्ष विनीत कुमार शाह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया और धन्यवाद ज्ञापन मानद सचिव इंजीनियर टी. थिरूमुरुगन ने प्रस्तुत किया. समारोह में शहर के कई प्रमुख अभियंता तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित थे.

