
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रो. एसएन सिन्हा मेमोरियल स्टूडेंट्स क्विज ऑन मेटल्स एंड मटेरियल्स का आयोजन राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), बर्मा माइंस, जमशेदपुर परिसर में 8 अगस्त 2025 को किया जाएगा. इस क्विज में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की दो सदस्यीय टीम हिस्सा लेगी. जमशेदपुर के सभी हाई स्कूलों से छात्रों को नामांकित करने हेतु संपर्क किया गया है. इस प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को 12-13 सितंबर 2025 को कल्पक्कम में आयोजित होने वाली प्रो. ब्रह्म प्रकाश मेमोरियल क्विज में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा.
इन टीमों की यात्रा का व्यय भारतीय धातु संस्थान, जमशेदपुर चैप्टर द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि आवास की व्यवस्था आईआईएम कल्पक्कम चैप्टर द्वारा की जाएगी. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के अतिरिक्त छात्रों को भारत के फास्ट ब्रीडिंग रिएक्टर राष्ट्रीय सुविधा का दौरा करने तथा नाभिकीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मिशन में हो रही प्रगति को देखने का भी अनूठा अवसर मिलेगा.
इसके अलावा अंतिम दो विजेता टीमों को बीपीएमएमक्यू-2025 के समापन समारोह में नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. साथ ही इन विजेता और उपविजेता टीमों को आईआईएम वार्षिक तकनीकी बैठक 2025 के दौरान आईआईटी हैदराबाद में आयोजित होने वाले आईआईएम पुरस्कार समारोह में आमंत्रित किया जाएगा, जहां उन्हें प्रशंसा प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे.

