
आठ जोन में बंटा शहर, 400 फोर्स तैनात
हवाई जहाज से की जाएगी फूलों की वर्षा
डीजे, साउंड सिस्टम बजाने पर लगी पाबंदी

उदित वाणी,जमशेदपुर : कोविड-19 यानी कोरोना के चलते दो साल के बाद बारह-रवी-उल-अव्वल यानी ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी को रविवार को पूरी शान के साथ निकाला जाएगा. इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. एक ओर जहां पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तो आयोजक भी मुस्तैद हैं. हजारों की संख्या में लोगों के जुलूस में शामिल होने के चलते यातायात व्यवस्था को संभालने में आयोजकों की ओर से भी पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग किया जाएगा.
मानगो के गांधी मैदान से निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी पर हवाई जहाज से फूलों की वर्षा की जाएगी. इस बार जुगसलाई में आयोजित तंजीम अहले सुन्नत वल जमात की बैठक में तय किया गया है कि इस बार जुलूस में फूलों की वर्षा की जाए. मानगो पुल पर एक तरफ रास्ता छोड़कर जुलूस निकलेगा. अग्निशमन वाहन सीसीआर साकची में प्रतिनियुक्त होगा. जुलूस के दौरान कोई भड़काऊ गीत डीजे और बड़े वाहन जैसे ट्रेलर, जानवर, पटाखे का प्रयोग नहीं करेंगे. पूरे जुलूस की निगरानी 3 ड्रोन कैमरा से की जाएगी.
सुबह नौ बजे निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी
मानगो गांधी मैदान से रविवार को सुबह नौ बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकलेगा. गांधी मैदान में उलमा की तकरीर होगी. इसके बाद जुलूस निकलेगा. जुलूस साकची के आम बागान पहुंचेगा. आम बागान में उलमा केराम की तकरीर होगी और दुआ होगी. यहां दुआ के बाद जुलूस साकची गोल चक्कर, स्ट्रेट माइल रोड और जुस्को गोल चक्कर होते हुए धतकीडीह सामुदायिक मैदान पहुंचेगा. यहां उलमा की तकरीर के बाद जुलूस का समापन होगा.
5000 से अधिक वालंटियर रहेंगे तैनात
जुलूस-ए-मोहम्मदी में 5000 से अधिक वालंटियर तैनात रहेंगे. यह वालंटियर जुलूस को नियंत्रित रखेंगे और जुलूस में शामिल लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहेंगे. जुलूस में छोटे वाहन शामिल रहेंगे. इनको सबसे पीछे रखा जाएगा. आगे उलमा चलेंगे.
भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
जुलूस -ए- मोहम्मदी के कारण बुधवार को शहर में भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर प्रशासन ने रोक लगा दी है. सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश नहीं होगा. कुछ हिस्सों में चलने वाले भारी मालवाहक के परिचालन पर भी रोक रहेगी.
56 जगहों पर फोर्स की तैनाती

ईद मिलादुन्नबी पर रविवार को निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर जिले को आठ जोन में बांटा गया है और 400 फोर्स, 90 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. इसके लिए शहर के 56 जगहों पर फोर्स की तैनाती की जा रही है. साकची और मानगो इलाके में रैफ को उतारा गया है. जिन 56 स्थान का फोर्स की प्रतिनियुक्ति के लिए चयन किया गया है, वहां पर लाठी पार्टी के साथ ही आम्र्स गार्ड, मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को भी तैनात किया गया है. जुलूस के आगे और पीछे दोनों में ही फोर्स साथ रहेगी. फोर्स की तैनाती 9 अक्तूबर की सुबह 7 बजे से जुलूस की समाप्ति तक की जाएगी. शहर के सभी यातायात थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक और डीएसपी के अलावा कार्यपालक पदाधिकारी मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अक्षेस भी मोर्चे पर मुस्तैद रहेंगे. आधिाकारिक स्तर पर वीडियो कैमरों की भी व्यवस्था की जाएगी.
असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का डीसी ने दिया निर्देश

रविवार 9 अक्टूबर को ईद मिलाद उन नबी के मौके पर शहर में निकलने वाले जुलूस के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश उपायुक्त विजया जाधव ने अधिकारियों को दिया है. जुलूस के लिए बनाए गए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम व सीसीआर से पल पल की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. असामाजिक तत्वों के कारण जुलूस में कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हो इसके लिए पूरे रूट में लगे सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी. जुलूस गांधी मैदान मानगो से शुरू होकर, आम बगान पहुंचेगा वहीं धातकीडीह में समाप्त होगा.
जुलूस को लेकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग रविन्द्र भवन सभागार साकची में शनिवार को की गई.
इस मौके पर उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्ति दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी जुलूस की समाप्ति के उपरांत अनुमति के पश्चात ही स्थल छोड़ेंगे. उन्होने कहा कि लगभग 70-80 हजार लोगों के जुलूस में शामिल होने की संभावाना है, ऐसे में प्रशासनिक दृष्टिकोण से क्या सतर्कता बरतनी है इसपर विशेष ध्यान देंगे. धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग प्वाइंट एवं ड्रॉप गेट को लेकर उन्होने जरूरी दिशा निर्देश दिए. किसी भी प्रकार का भारी वाहन के शामिल होने की अनुमति नहीं होगी, डीजे का उपयोग प्रतिबंधित है. कंट्रोल रूम एक्टिव रहेगा वहीं सीसीआर से सभी गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि जितने भी संवेदनशील जगह हैं, वहां पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों के द्वारा व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया जाता है तो तत्काल इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को देंगे. जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है वे ससमय प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे, अगर उनमें से कोई अनुपस्थित रहेंगे तो तत्काल जानकारी दें जिससे संबंधित स्थल पर दूसरे अधिकारी की ड्यूटी लगायी जा सके. जुलूस में भड़काऊ गीत पर रोक लगायी गयी है. अग्नेयास्त्र ले जाने पर भी प्रतिबंध है. बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और लाठी बल की तैनाती रहेगी, अग्निशमन की व्यवस्था की गयी है. इस मौके पर जिला उपायुक्त विजया जाधव, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी के विजय शंकर, एसडीएम धालभूम संदीप कुमार मीणा, एएसपी सुधांशु जैन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्दकिशोर लाल, अपर उपायुक्त सौरभ सिन्हा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, पुलिस उपाधीक्षक यातायात तथा अन्य समेत अन्य सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसलिए निकाला जाता है जुलूस
गौरतलब है कि जमशेदपुर में मानगो से ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी हर साल 12 रबी उल अव्वल को निकाला जाता है. इस दिन पैगंबर-ए-अकरम हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही वसल्लम का जन्मदिन है. जन्मदिन के मौके पर ही यह जुलूस निकलता है. कोरोना के चलते पिछले 2 साल से जुलूस नहीं निकल रहा था. इस बार तय किया गया है कि अकीदतमंद ईद मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम से मनाएंगे.
खाद्य प्रतिष्ठानों में चलाया गया जांच अभियान
ईद मिलाद उन नबी पर्व को देखते हुए बिष्टुपुर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने किया. इस दौरान मेसर्स नोवलटी रेस्टोरेन्ट से पनीर का प्रर्वतन नमूना संग्रहण किया गया तथा रीगल कैफे के किचन का निरीक्षण किया जिसमें शेफ अपने ड्रेस कोड में दिखे तथा साफ-सफाई का प्रबंधन ठीक पाया गया. चाई ब्रेक रेस्टोरेन्ट की जांच की गई जहां किचन में रखे मासालों में नाम पट्टी अंकित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही किचन में रखे कूड़ा दान की जगह पेडल ऑपरेटेड डस्टबिन लगाने लिए निदेश दिया गया. ब्रिजवासी मिठान भंडार, मानगो से चमचम मिठाई का नमूना लिया गया. उक्त सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए रांची स्थित राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाना नामकुम भेजा जायेगा.

