
उदित वाणी, जमशेदपुर: बागबेड़ा की प्रियंका कुमारी को एएनएम नर्सिंग की परीक्षा में झारखंड का सेकेंड टॉपर होने का गौरव प्राप्त हुआ है. प्रियंका ने एनएम नर्सिंग का कोर्स आदित्यपुर स्थित उषा नर्सिंग स्कूल से किया है.
दो वर्ष के इस कोर्स का परिणाम 17 मार्च को जारी जारी किया गया. इसमें प्रियंका कुमारी को 94% अंक प्राप्त हुए हैं. प्रियंका को 600 पूर्णांक में 567 अंक प्राप्त हुए हैं. फिलहाल प्रियंका गम्हरिया सीएचसी में काम कर रही है. प्रियंका बागबेड़ा बाबा कुटी सिंह कॉलोनी की रहने वाली है.
शादी से पहले वह बिहार में रहती थी और बिहार में ही उसकी स्कूली शिक्षा पूरी हुई है. प्रियंका अपनी सफलता का श्रेय पति मुकेश कुमार सिंह और अपने गुरुजनों को देती हैं. नर्सिंग को अपना कॅरियर चुनने के बारे पूछने पर वह कहती हैं कि आज के जमाने में परिवार में कम से कम एक सदस्य का मेडिकल के क्षेत्र से जुड़ा होना बेहद जरूरी है.
इसलिए उसने इसे कॅरियर के रूप में चुना. प्रियंका कहती हैं कि नर्सिंग का पेशा न सिर्फ पेशा है, बल्कि यह सेवा का भी मौका प्रदान करता है. इसलिए इस पेशे को चुना.
बताते चलें कि एएनएम नर्सिंग की परीक्षा में टॉपर होने का गौरव पश्चिमी सिंहभूम जिले की मंगोली ओरम को प्राप्त हुए है. पश्चिमी सिंहभूम के झिंकपानी प्रखंड के छोटे से गांव ईचापुर (असुरा पंचायत) की रहने वाली बच्ची मंगोली ओरम ने एएनएम नर्सिंग के द्वितीय वर्ष के परीक्षा में 568 (94.6%)अंक प्राप्त कर स्टेट टॉपर होने का गौरव प्राप्त किया है.
वह नर्सिंग कौशल कालेज चाईबासा की छात्रा है. कॉलेज के प्रिंसिपल जनसी थोमस ने बताया कि मंगोली के माता-पिता का देहांत 2003-2004 में हो गया था. मंगोली ने मेहनत से पढ़ाई की है और उसका सपना एक नर्स के रूप में लोगों की सेवा करना है जो अब पूरा होने जा रहा है.

