
उदित वाणी, जमशेदपुर: इस साल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आयोजित टाटा क्रूसिबल क्विज के 18वें संस्करण में आईआईटी बॉम्बे के शैलेश जेमेहता स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (एसजेएमएसओएम) के प्रीतम उपाध्याय विजेता बने. उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष इस क्विज का राष्ट्रीय फाइनल जीता है.
उन्हें प्रतिष्ठित टाटा क्रूसिबल ट्रॉफी के साथ-साथ डाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. इस क्विक के माध्यम से देश भर के छात्रों को अपनी बुद्धिमता प्रदर्शित करने का मौका दिया गया. इसके लिए पूरे देश के कॉलेजों को 24 अलग-अलग क्लस्टर में बांटा गया था. इन क्लस्टर को चार जोन में विभाजित किया गया था. जोनल फाइनल्स के विजेताओं में हुई प्रतियोगिता में से विजेता को चुना गया.
फाइनल में आईआईटी मद्रास से प्रणव हरि, आईआईएम इंदौर से कैवल्य करकरे, एसजेएमएसओएम से प्रीतम उपाध्याय, आईआईटी कानपुर से प्रदुन्मा चौधरी, एलएनएम इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी जयपुर से आदित्य चक्रवर्ती और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी और न्यायिक अकादमी असम से गौरव राज ने राष्ट्रीय फाइनल में हिस्सा लिया और एक दूसरे का आमना-सामना किया.
टाटा क्रूसिबल क्विज के विजेता की घोषणा होने के बाद टाटा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक केआरएस जामवाल ने कहा कि क्विज में दिलचस्प विषयों पर प्रश्नों की एक शानदार श्रृंखला रखी गई थी. फाइनलिस्ट में दिखी जबरदस्त जिज्ञासा सराहनीय है. जिज्ञासा एक ऐसा गुण, जिससे लोगों को हमेशा बढऩे का रास्ता मिलता है.
जिज्ञासा युवा दिमाग को चुनौतियों का समाधान करने के लिए प्रेरित करती है और उद्यमशीलता की मानसिकता के विकास की ओर ले जाती है. उन्होंने विजेताओं को बधाई दी.

