
उदित वाणी, नई दिल्ली : स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में जमशेदपुर ने देशभर में एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है. 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जमशेदपुर को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है. इस उपलब्धि के लिए विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार प्रदान किया.
पुरस्कार प्रधान सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग श्री सुनील कुमार, निदेशक SUDA श्री सूरज कुमार और अपर नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार ने राष्ट्रपति के करकमलों से ग्रहण किया. साथ ही जमशेदपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में 5 स्टार रेटिंग से भी नवाज़ा गया.
झारखंड से नामित था केवल जमशेदपुर
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के अंतर्गत झारखंड से केवल जमशेदपुर को नामित किया गया था. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण किया गया.
उपायुक्त ने जताया गर्व, की शहरवासियों से अपील
जमशेदपुर की इस बड़ी उपलब्धि पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान नागरिकों की जागरूकता, नगर निकाय कर्मचारियों की मेहनत और प्रशासन के सतत प्रयासों का परिणाम है.
उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे इसी तरह सफाई को अपनी आदत और संस्कृति बनाएं. उन्होंने सभी सफाईकर्मियों, जागरूक नागरिकों और नगरीय निकाय प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं.

