
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. इसी क्रम में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोटा ने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट तथा रूट लाइन का निरीक्षण किया और कारकेड रिहर्सल में भी शामिल हुए.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय सहित अन्य अधिकारियों ने कदमा स्थित श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर तथा बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था, रूट लाइन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आयुक्त को प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है. साथ ही प्रतिनियुक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया है. पिछले दो दिनों से एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता और सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण भी किया जा रहा है.
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशासन ने भरोसा जताया कि निर्धारित कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होगा.

