
उदित वाणी, जमशेदपुर : महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को जमशेदपुर दौरे पर आ रही हैं. इस दौरान वे कदमा मरीन ड्राइव में बनने वाले महाप्रभु जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखेंगी. राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
आज जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और जिले के एसएसपी पीयूष पाण्डेय ने वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का भौतिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि यह राष्ट्रपति का जमशेदपुर का दूसरा दौरा होगा. इससे पहले वे 29 दिसंबर 2025 को यहां आई थीं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन मार्ग से लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तक सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से हो रही हैं.
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी तथा आरएसबी ग्लोबल के वाइस चेयरमैन एस.के. बेहेरा ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का क्षण है. श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा ट्रस्ट के इस निर्माण से इलाके का विकास होगा और यह श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा. विशेष रूप से ट्रस्ट द्वारा संचालित आध्यात्मिक शिक्षा केंद्र युवा पीढ़ी के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा.

