
उदित वाणी, रांची: तीन दिवसीय प्रवास के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सेना के विमान से शुक्रवार दोपहर को नई दिल्ली लौटी. उन्हें विदा करने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एयरपोर्ट तक गए.
वही राजभवन में विदा लेते समय विजिटर बुक में अपनी पुरानी यादों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने लिखा कि उन्हें यहां आकर बहुत खुशी हुई. राजभवन रांची के सुंदर परिसर में आकर मुझे बहुत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है. यहां प्रवेश करते ही इस भवन में बिताये 6 सालों की मधुर स्मृतियां फिर से जीवंत हो गई.
मैं झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन व यहां के लोगों को मेरे स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए हृदय से धन्यवाद देती हूं. यहां की टीम के सभी सदस्यों और कर्मचारियों की सराहना करती हूं. जिनसे मिलकर मुझे ऐसा लगा कि मैं अपने घर वापर्स आईं.
उन सभी के उज्जवल भविष्य के लिए मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं. इसके अलावा राष्ट्रपति ने ट्वीट करके भी कहा कि झारखंड के लोगों के प्यार ने उन्हें भाव विभोर कर दिया. इधर राजभवन जाकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी व केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मुलाकात की.

