
उदित वाणी, जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह से पहले बुधवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल धूमधाम से आयोजित हुआ। इस दौरान टुकड़ियों में शामिल जवानों और स्काउट-गाइड के कैडेटों ने आकर्षक वर्दी में सधे कदमों के साथ मार्च पास्ट किया। रिहर्सल के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे आयोजन स्थल की समग्र व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला एवं पुरुष), जैप-6, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सीआरपीएफ और विभिन्न विद्यालयों के छात्रों की टुकड़ियों ने जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। सधी हुई कदमताल, परेड का समन्वय और ऊर्जावान प्रस्तुति ने मौजूद अधिकारियों और दर्शकों को प्रभावित किया। इस मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और अन्य सहयोगी संस्थाओं ने सुरक्षा, स्वच्छता और आपात सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की। मंच सज्जा, ध्वजारोहण स्थल, वीआईपी गैलरी, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा घेरा और एम्बुलेंस सेवाओं की जांच कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।
आगामी कार्यक्रमों के तहत, 14 अगस्त की शाम सिदगोड़ा टाउन हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें शहर के स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति देंगे। वहीं, मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे गोपाल मैदान में आयोजित होगा। इस अवसर पर ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर स्वतंत्रता दिवस का उल्लास पूरे शहर में फैलाया जाएगा।

