
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित पी एंड एम मॉल के हाईटेक सिटी सेंटर के प्रबंध निदेशक एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता निर्देशक प्रकाश झा और पी एंड एम मॉल के प्रबंध निदेशक आर के अग्रवाल ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास रामगढ़ के नेमरा पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान, दोनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और दिशोम गुरु के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। प्रकाश झा और आर के अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को दिशोम गुरु द्वारा झारखंड राज्य की स्थापना के लिए किए गए संघर्षों का जिक्र करते हुए, राज्य के विकास के लिए अपनी पूरी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि वे झारखंड के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और दिशोम गुरु के सपनों को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस अवसर पर, दोनों नेताओं ने शिबू सोरेन के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों पर भी चर्चा की।

