
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत डायगोनल रोड स्थित पंचभवन में 10 जुलाई की मध्यरात्रि को हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार को एसएसपी पीयूष पांडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि अज्ञात चोरों ने एक आवासीय घर में घुसकर अलमारी से स्वर्ण व रजत आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये थी। घटना के बाद घर मालिक की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-112/25 दर्ज किया गया था।
एसएसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर मनोज ठाकुर ने किया। तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के सिक्के, सोने की टूटी हुई चूड़ियां, नगद 31,500 रुपये और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में जुगसलाई बलदेव बस्ती का रोहित राव उर्फ रोहित साव उर्फ लल्ला (21), बागबेड़ा रोड नंबर 2 का अमन कुमार उर्फ गोरी उर्फ राहुल (26), जुगसलाई बलदेव बस्ती का विकास दास उर्फ अंडा उर्फ अंडा बच्चा (19), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग का आकाश पात्रो उर्फ एजे (27) और सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का रजनीश लाल (54) शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि अमन उर्फ राहुल पर 10 आपराधिक मामले, लल्ला और अंडा बच्चा पर दो-दो जबकि रजनीश लाल पर एक आपराधिक मामला दर्ज है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

