
उदित वाणी, जमशेदपुर:- बहरागोड़ा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को अफीम का डोडा ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित दादा होटल के पास रहने वाले अतुल कुंवर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल से जाते देखा गया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 19 किलोग्राम अफीम का डोडा बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अतुल कुंवर लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था और विभिन्न इलाकों में अफीम का डोडा सप्लाई करता था। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किसके लिए और कहां सप्लाई करने जा रहा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने डोडा की खरीद और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई अहम जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और बरामद डोडा का वजन और शुद्धता जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

