
उदित वाणी, जमशेदपुर: पिछले दिनों रांची में हुए हिंसा के बाद शक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर जमशेदपुर के संवेदनशील इलाकों में जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. इस दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस अलर्ट मोड पर है, ताकि उपद्रवियों पर नजर रखी जा सके. इसे लेकर जिला पुलिस के साथ ही रैफ की जवानों की तैनाती की गयी है. इस दौरान जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र, धतकीडीह, साकची मोहम्डम लाइन, जुगसलाई मुस्लिम बस्ती आदि क्षेत्रों में पुलिस के द्वारा विशेष चौकसी बरती जा रही है. इस संबंध में मानगो नगर निगम के विशेष पदाधिकारी दीपक सहाय ने बताया कि कहीं से भी क्षेत्र में अशांति भंग ना हो, इसलिए प्रशासन के द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. कहा कि जमशेदपुर की जनता अमन-शांति में रहना पसंद करती हैं. आपसी भाईचारा बनी रहे, इसको लेकर लोग जागरूक हैं. एहतियात के तौर पर पुलिस बलों की तैनाती की गयी है.


