
उदित वाणी, आदित्यपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत गम्हरिया स्थित काशीडीह में जी+3 संरचना वाले 780 आवासों का निर्माण तेजी से जारी है। इस परियोजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्र के निम्न आय वर्ग के आवासविहीन परिवारों को सुलभ दर पर पक्का आवास उपलब्ध कराना है।
इन आवासों में एक कमरा, किचन, हॉल, शौचालय, बाथरूम, साथ ही बिजली, पानी, सड़क, नाली, पार्क, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग एवं मंदिर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ शामिल रहेंगी।
परियोजना के 120 आवासों में गृह प्रवेश पहले ही किया जा चुका है, जबकि फरवरी 2026 में ब्लॉक 1, 3, 5 और 6 के अतिरिक्त 120 आवासों का गृह प्रवेश प्रस्तावित है।
नोडल पदाधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि इन ब्लॉकों के आवंटियों को अपनी कुल बकाया किस्त राशि 3.92 लाख रुपये को 31 दिसंबर 2025 तक जमा कराना अनिवार्य है।
साथ ही स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित तिथि तक कोई लाभुक किस्त जमा नहीं करता है और जिन आवासों का आवंटन पहले हुआ था, उनके लाभुक यदि एकमुश्त राशि जमा करते हैं, तो अदला-बदली करते हुए आवास आवंटित किए जा सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, संबंधित लाभुकों का गृह प्रवेश फरवरी 2026 में ही कराया जाएगा।

