
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन (17 सितंबर) भाजपा ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाएगी. यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा. इसी को लेकर सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक साकची स्थित जिला कार्यालय में हुई. बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की. इस मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो भी मौजूद थे. बैठक में आगामी कार्यक्रमों और अभियान को सफल बनाने पर चर्चा हुई.
सेवा पखवाड़ा के दौरान पार्टी की ओर से कई कार्यक्रम किए जाएंगे:
• स्वच्छता अभियान
• एक पेड़ माँ के नाम अभियान
• रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर
• मोदी जी के जीवन व उपलब्धियों पर प्रदर्शनी
• वोकल फॉर लोकल अभियान
• सांसद खेल-कूद प्रतियोगिता (फुटबॉल, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, हॉकी, बैडमिंटन आदि) पंजीकरण 29 अगस्त से
• चित्रकला प्रतियोगिता – विषय ‘विकसित भारत’, ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’
• मोदी विकास मैराथन – नशा मुक्त भारत, स्वच्छ भारत और वोकल फॉर लोकल संदेश के साथ
25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती भी सेवा पखवाड़ा के हिस्से के रूप में मनाई जाएगी. गांधी जयंती के दिन ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प लिया जाएगा, खादी एवं स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाएगा और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा.
सांसद विद्युत महतो का सम्मान
बैठक के अंत में, कार्यकर्ताओं ने सांसद विद्युत वरण महतो का सम्मान किया. उन्हें चौथी बार संसद रत्न पुरस्कार मिला है. जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा और नेताओं ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी. सांसद महतो ने यह पुरस्कार जमशेदपुर की जनता को समर्पित किया. बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेन्द्र सिंह, जिला पदाधिकारी प्रदीप महतो, संजीव सिंह, राजीव सिंह सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

