
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोराडीह कैनाल ब्रिज के पास शुक्रवार को एक हादसा हुआ, जिसमें आटा से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में पलट गई. घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के अनुसार पिकअप वैन धालभूमगढ़ से आटा लेकर परसुडीह स्थित बाजार समिति जा रही थी. वाहन में चालक के अलावा दो मजदूर भी सवार थे. बताया जा रहा है कि सड़क की स्थिति काफी खराब है. चढ़ाई के दौरान वाहन आगे नहीं बढ़ सका और अचानक संतुलन बिगड़ने से वैन अनियंत्रित होकर नीचे गड्ढे में जा पलटी.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए चालक व दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. कुछ ही देर में घटना की सूचना वाहन मालिक कृष्ण कुमार शर्मा को मिली, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि आटा को दूसरी गाड़ी मंगवाकर सुरक्षित रूप से गंतव्य तक भेज दिया गया है.
फिलहाल क्षतिग्रस्त पिकअप वैन को बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है. घटना के बाद क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लोगों का कहना है कि जर्जर सड़क के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
