
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती में रहने वाले निर्मल प्रमाणिक मोबाइल चोरी और साइबर ठगी का शिकार हो गए. घटना 26 जनवरी 2025 की है. उस दिन उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया, जिसके बाद अज्ञात चोर ने मोबाइल में इंस्टॉल फोन-पे ऐप का दुरुपयोग करते हुए उनके बैंक खाते से कुल 85 हजार रुपये की निकासी कर ली.
पीड़ित निर्मल प्रमाणिक ने पुलिस को बताया कि उनके खाते से रुपये की निकासी डिमना रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा के सामने से की गई. घटना का पता चलते ही उन्होंने तत्काल उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध साइबर ठगी और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.
उलीडीह थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की तकनीकी जांच कर रही है. बैंक से लेन-देन का विवरण (ट्रांजेक्शन हिस्ट्री) और फोन-पे के जरिए हुई गतिविधियों का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है. इसके साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके. थाना प्रभारी ने विश्वास जताया कि जांच में तेजी लाई गई है और आरोपी जल्द पकड़ में आ जाएगा.
उन्होंने कहा कि मोबाइल चोरी के बाद साइबर ठगी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. चोर अक्सर मोबाइल में सेव बैंकिंग और यूपीआई ऐप्स का दुरुपयोग करते हैं. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल चोरी होते ही तुरंत बैंक और यूपीआई ऐप्स को ब्लॉक कराएं तथा पासवर्ड बदलें, जिससे खाते से पैसे निकालने की संभावना कम हो सके.
पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी तुरंत बैंक और पुलिस को दें. निर्मल प्रमाणिक के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.

