
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के नमोटोला आश्रम टोला से शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां तांत्रिक के माया जाल में फंसे पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ एक परिवार पर हमला कर उन्हें पूरी रात बंधक बनाए रखा.
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी राहुल महापात्र के घर से तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए थे. चोरी का सुराग पाने के लिए राहुल ने जादूगोड़ा के एक तांत्रिक से संपर्क किया. तांत्रिक ने चोरी का आरोप नागेश्वर जेना के परिवार पर लगाया. इस पर राहुल, उसकी पत्नी जयश्री महापात्र और 10-15 अन्य लोग शुक्रवार रात करीब 12 बजे जेना परिवार के घर में घुस गए. आरोप है कि हमलावरों ने जेना परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घर में बंधक बना लिया.
पीड़ित नागेश्वर जेना ने बताया कि आरोपियों ने पूरी रात उन्हें डराकर रखा. घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी बंधकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि तब तक मुख्य आरोपी और अन्य हमलावर फरार हो चुके थे.
परसुडीह पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच जारी है. पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

