
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा में एक महिला से छेड़खानी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना 31 अक्टूबर की शाम करीब 6.30 बजे की है. उस समय महिला घर में अकेली थी. इसी दौरान सरजामदा गुरुद्वारा से ऊपर की ओर रहने वाला युवक विकास मछुआ अचानक घर में घुस गया. बताया जाता है कि उसने महिला के साथ छेड़खानी की. जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी.
घटना से भयभीत पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 2 नवंबर को परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की और विकास मछुआ को गिरफ्तार कर लिया.
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. वहीं, घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोग महिला की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.

