
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के राजू बगान निवासी ओम प्रकाश नारायण के घर हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज़ कुछ ही दिनों में सुलझा ली है। 8 और 9 जनवरी की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, कीमती जेवरात और करीब 35 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित ने परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छानबीन की। तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय इनपुट के सहारे पुलिस ने कांड में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार उर्फ पांडे, संजय कुमार उर्फ गबरू और विकास महतो उर्फ बुलेट शामिल हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके ठिकानों पर छापेमारी कर चोरी गए लैपटॉप, मोबाइल, जेवरात और नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय कुमार उर्फ गबरू के खिलाफ पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विकास महतो उर्फ बुलेट पर तीन मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गतिविधियों में पहले भी शामिल रह चुके हैं। राजेश कुमार उर्फ पांडे की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कांड में कुछ अन्य आरोपियों की संलिप्तता की आशंका है। उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

