
उदित वाणी, जमशेदपुर : पारसूडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर में रहने वाले मोहम्मद खालिक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है. शनिवार को खालिक ने जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने पुलिस द्वारा लगातार की जा रही प्रताड़ना और जमीन विवाद में पक्षपात का आरोप लगाया.
मोहम्मद खालिक का आरोप है कि पुलिस विपक्षी पार्टी को उनकी जमीन पर कब्जा दिलवाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि शनिवार को एक पुलिसकर्मी उनके घर आया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की. इसके बाद उनके भाई आलमगीर गद्दी को जबरन थाने ले जाया गया. खालिक के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी पुलिस दलबल के साथ उनके घर पहुंचकर मारपीट कर चुकी है. उनका कहना है कि खुद पारसूडीह थाना प्रभारी इस कार्रवाई में शामिल थे.
पुलिसिया दबाव और हिंसा से परेशान होकर खालिक ने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं. उन्होंने बताया कि हालिया घटना की पूरी फुटेज कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसे वे जांच एजेंसियों को सौंपने को तैयार हैं. खालिक ने मांग की है कि जिला प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कराए और उन्हें पुलिस प्रताड़ना से मुक्ति दिलाए.
मामला अब जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद चर्चा में है. डीसी कार्यालय सूत्रों के अनुसार, शिकायत पर प्राथमिक जांच के आदेश दिए जा सकते हैं. स्थानीय नागरिकों में भी इस घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है.
