
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर रोड नंबर 2 लाइन में रहने वाले मोहम्मद हलिम खान उर्फ राजू के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर खिड़की की जाली तोड़कर घर के अंदर घुसे और कमरे में रखे बक्से को तोड़ डाला. इसमें रखे करीब डेढ़ से दो लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात और लगभग 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
शुक्रवार तड़के जब गृहस्वामी मोहम्मद हलिम की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि घर के बाहर लाइन किनारे उनकी टूटी हुई पेटी पड़ी हुई है और आसपास कई सामान बिखरे पड़े हैं. पेटी खोलकर देखने पर पता चला कि उसमें रखे सभी कीमती जेवर और नकदी गायब हैं. मोहम्मद हलिम के बेटे मोहम्मद तौसिफ ने बताया कि चोरी गए जेवर उनकी दादी समेत परिवार के सदस्यों के थे, जबकि नकद राशि उनके पिता की वर्षों की मेहनत से जमा की गई पूंजी थी. घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है.
चोरी की जानकारी मिलते ही मोहम्मद हलिम ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी. देखते ही देखते घटना की खबर इलाके में फैल गई और लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया. स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त न के बराबर होती है, जिसके कारण चोरों के हौसले बढ़े हैं. लोगों ने रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में पूछताछ की और सुराग जुटाने के लिए संभावित सीसीटीवी कैमरों की जांच की तैयारी शुरू की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

