
उदित वाणी,जमशेदपुर: परसुडीह थाना अंतर्गत सारजामदा गुरुद्वारा रोड निवासी प्रिया देवी ने शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मिलकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके स्वजनों को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। प्रिया देवी का कहना है कि हाल ही में उनके घर पर बम फेंके जाने की घटना भी हुई थी, जिसकी लिखित शिकायत परसुडीह थाना में दर्ज कराई गई है। घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार दहशत में है।
प्रिया देवी ने बताया कि उनके पति संजीव सिंह की 12 मई 2016 को बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अदालत ने 27 जनवरी 2026 को दुबराज नाग और जितेंद्र सिंह को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं, मोहन कच्छप, डोमनिक सैमसंग समेत अन्य आरोपितों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया था।
महिला ने आशंका जताई है कि दोषमुक्त हुए आरोपित बदले की भावना से उन्हें निशाना बना सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुबराज नाग के इशारे पर डोमनिक सैमसंग और मोहन कच्छप ने उनके घर पर बम फेंकने की साजिश रची। प्रिया देवी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

