
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बारीगोड़ा की एक युवती ने पुलिस से शिकायत की है कि उसे पिछले पांच वर्षों से लगातार ब्लैकमेल और शारीरिक शोषण का शिकार बनाया जा रहा था. चंदन शाह उर्फ बिट्टू ने न केवल उसे धमकाया बल्कि अश्लील तस्वीरें भी खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं.
पीड़िता के अनुसार, यह सिलसिला करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था. चंदन शाह उर्फ बिट्टू ने उसे अपने जाल में फंसाकर पहले शारीरिक शोषण किया और बाद में आपत्तिजनक तस्वीरें अपने पास रख लीं. इन्हीं तस्वीरों के सहारे वह युवती को लगातार डराता-धमकाता रहा. इस बीच युवती मानसिक और सामाजिक दबाव झेलती रही, लेकिन चंदन शाह उर्फ बिट्टू का उत्पीड़न थमने के बजाय बढ़ता गया. आखिरकार युवती ने साहस जुटाया और 18 अगस्त को परसुडीह थाने में मामला दर्ज कराया.
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदन शाह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी लंबे समय से युवती को ब्लैकमेल कर रहा था और उसने सोशल मीडिया का भी दुरुपयोग किया. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ चल रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस जल्द ही उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजेगी.
इस घटना के उजागर होते ही इलाके में खलबली मच गई है. लोगों का कहना है कि इस तरह के मामलों में पीड़िताओं को चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए. परसुडीह पुलिस का भी कहना है कि समाज में ऐसी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों को हर हाल में सजा दिलाई जाएगी.

