
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डिमना परिसर स्थित नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल में सोमवार को ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का विधिवत शुभारंभ किया गया. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशन और परियोजना निदेशक आईटीडीए के कुशल नेतृत्व में अस्पताल के विभिन्न विभागों का स्थानांतरण तेज़ी से पूरा किया जा रहा है.
स्त्री एवं प्रसूती विभाग पूरी तरह शिफ्ट, सफल ऑपरेशनों से हुई शुरुआत
अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूती रोग विभाग को अब पूरी तरह से नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है. इसी क्रम में सोमवार को नए ऑपरेशन थिएटर में दो सफल ऑपरेशन भी संपन्न हुए, जिनमें एक सामान्य प्रसव और एक सिजेरियन डिलीवरी शामिल रही. अब से सभी नए एडमिशन (स्त्री एवं प्रसूती रोग से संबंधित) नवनिर्मित भवन में ही किए जाएंगे. यह स्थानांतरण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित अस्पताल के पूर्ण संचालन की दिशा में एक अहम कदम है.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है नया अस्पताल
नए भवन को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से युक्त किया गया है. यहां उपलब्ध प्रमुख सुविधाओं में शामिल हैं:
एनआईसीयू (नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई)
पीआईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई)
पीडियाट्रिक वार्ड
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सभी आवश्यक चिकित्सा सेवाएं
साथ ही, अस्पताल में सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. अधीक्षक, उपाधीक्षक और प्राचार्य सहित चिकित्सीय पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से यह स्थानांतरण कार्य सुचारु रूप से सम्पन्न किया जा रहा है.
उपायुक्त ने जताई संतुष्टि, नागरिकों से की विशेष अपील
इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “जिलेवासियों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल में अब एक ही स्थान पर सभी आवश्यक एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं नागरिकों को मिलेंगी.” उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन के साथ मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है.
नागरिकों से अपील: अब प्रसूति उपचार हेतु नए अस्पताल ही आएं
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अब स्त्री एवं प्रसूती रोग से संबंधित चिकित्सा सेवाओं के लिए केवल नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल का रुख करें, ताकि उन्हें बेहतर, सुरक्षित और सुविधा संपन्न इलाज उपलब्ध कराया जा सके.

