

उदित वाणी, जमशेदपुर : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज जमशेदपुर पहुंचे. इससे पहले रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह सांसद संजय सेठ ने उनका औपचारिक स्वागत किया. एयरपोर्ट से वे सीधे बिरसा चौक पहुंचे, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए. इसके बाद वे राजभवन रवाना हुए.

रांची-जमशेदपुर: दोनों शहरों में भाग लेंगे अहम आयोजनों में
लोकसभा अध्यक्ष का यह दौरा विशेष महत्व रखता है क्योंकि वे रांची और जमशेदपुर दोनों स्थानों पर आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं. रांची में वे विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगे. वहीं जमशेदपुर आगमन पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्लेटिनम जुबली समारोह में उनका भव्य स्वागत छऊ नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ किया गया.

उद्योगजगत के साथ संवाद, संस्कृति से भी जुड़ाव
ओम बिरला जमशेदपुर के लोयोला स्कूल स्थित फैसी सभागार में दोपहर 12:15 बजे से 2 बजे तक आयोजित चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस दौरान उन्होंने औद्योगिक प्रतिनिधियों से संवाद किया और संस्था की उपलब्धियों को सराहा.

पुनः रांची वापसी और नागरिक अभिनंदन समारोह
समारोह में भाग लेने के बाद वे दोपहर 3:15 बजे के लगभग सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए प्रस्थान करेंगे. रांची पहुंचने पर ओम बिरला डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि सभागार में शाम 5:45 बजे से 7:40 बजे तक नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है, जिसमें प्रदेश के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी मौजूद रहेंगे.

