
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड सीतारामडेरा में मंगलवार को एक घरेलू हादसे में 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया. घायल युवक की पहचान अभय लोहार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर अभय घर पर अकेला था. उसकी मां काम पर गई हुई थी और परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर मौजूद नहीं थे. इसी दौरान अभय रसोई में खाना बना रहा था. खाना बनाते समय उसके कपड़ों में अचानक आग लग गई, जिससे वह जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगा. आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की और परिजनों को सूचना दी.
परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए अभय को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, अभय को शरीर पर झुलसन की गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घायल अभय ने बताया कि वह बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में काम करता है और करीब दस दिन पहले ही छुट्टियों में अपने घर आया था. उसने बताया कि खाना बनाने के दौरान अचानक कपड़ों में आग लग गई और वह घबरा गया. समय रहते मदद मिलने के कारण बड़ी अनहोनी टल गई.
इधर, घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग काफी चिंतित नजर आए. परिजनों ने बताया कि अभय अभी होश में है और लगातार डॉक्टरों की निगरानी में है. इस हादसे की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है. घरेलू हादसे की इस घटना ने इलाके में लोगों को सतर्क कर दिया है.

