
उदित वाणी,जमशेदपुर: गर्मी की छुट्टियों में ऑनलाइन क्लास लेने के आदेश के बीच आवश्यकता आधारित सहायक प्राध्यापक ऑफलइन कक्षाएं ले रहे हैं. ग्रेजुएट कॉलेज फॉर विमेन में इन दिनों कुलपति सह आयुक्त के आदेश की अनदेखी करते हुए ऑफलाइन क्लास का संचालन किया जा रहा है.
इस क्लास की रिकॉर्डिंग भी नहीं की जा रही है. दरअसल, विश्वविद्यालय समेत सभी कॉलेजों में गर्मी छुट्टी में ऑनलाइन क्लास आयोजित करने का निर्देश दिया गया था.
बावजूद इसके ग्रेजुएट कॉलेज में छात्राओं यहां प्रतिदिन क्लास करने आना पड़ रहा है. जबकि शहर का तापमान 43 डिग्री से ऊपर रह रहा है. कॉलेज में ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन सुबह 10:30 से शाम 4:00 बजे तक किया जा रहा है. तापमान की बात की जाये, तो सुबह 10:30 बजे ही प्रचंड धूप में घर से निकलना काफी मुश्किल होता है.
बावजूद छात्राएं क्लास करने के लिए कॉलेज आ रही हैं. क्योंकि कोर्स पूरा करना है. आवश्यकता आधारित सहायक शिक्षकों ने बताया कि क्लास की रिकॉर्डिंग संभव नहीं है.
इसलिए पिछले वर्षों की तरह ही क्लास का लिंक विश्वविद्यालय को भेजा जायेगा. रिकॉर्डिंग के लिए कॉलेज में संसाधन यानी कैमरा, वाई-फाई वगैरह भी उपलब्ध नहीं है. 20 मिनट का लिंक भेजने में ही काफी समय लग जाता है, ऐसे में प्रतिदिन एक-एक घंटे के चार क्लास की रिकॉर्डिंग भेजना काफी कठिन कार्य होगा. इसलिए ऑफलाइन क्लास ली जा रही है.
साथ ही क्लास की फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक अटेंडेंस आदि बनाया जा रहा है. बता दें कि कुलपति सह आयुक्त के आदेश के अनुसार आवश्यकता आधारित सहायक शिक्षकों को गर्मी छुट्टी के दौरान ऑनलाइन क्लास लेना है. एक घंटे की एक क्लास होगी.
प्रत्येक क्लास की रिकॉर्डिंग करके विश्वविद्यालय भेजना है. विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चाईबासा स्थित कॉलेजों में आदेश का पालन हो रहा है, जबकि जमशेदपुर शहर में स्थित उक्त कॉलेज में रिकॉर्डिंग न करते हुए ऑफलाइन क्लास ली जा रही है.

