
उदित वाणी, जमशेदपुर: राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राजेन्द्र प्रसाद ने पूर्वी सिंहभूम जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जाति व आवासीय प्रमाण पत्र वबनाने में विलंब नहीं करने के निर्देश दिए हैं.
वे शुक्रवार को सर्किट हाउस में पिछड़े वर्ग की समस्याओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के लिए जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे.
उन्होंने प्रखंडवार वित्तीय वर्ष 22-23 में अब तक प्राप्त आवेदन, निर्गत प्रमाण पत्र व रद्द किए गए आवेदनों और उसके कारणों के संबंध में जाना. उन्होंने इस दौरान लगभग सभी अंचलाधिकारियों ने आवेदन के समय जरूरी दस्तावेज संलग्न नहीं रहने के कारण आवेदन रद्द करने की बात कही.
इस पर राजेंद्र प्रसाद ने सभी सीओ को कहा कि राज्य की भौगौलिक स्थिति को समझना होगा. यहां के लोग काफी सीधे व सरल स्वभाव के हैं. अधिकारी-अधिकारी की तरह नहीं, बल्कि सेवा भाव से काम करें। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों में कोई दस्तावेज अपूर्ण है, उसके आवेदक से संपर्क कर दस्तावेज की मांग करें और उसका प्रमाण पत्र निर्गत करें.
वे अधिकारियों से यह जानना चाहा कि पिछड़े वर्गों की जनसंख्या का आंकड़ा प्रशासन के पास है अथवा नहीं. बैठक में उपायुक्त विजया जाधव, एडीसी सौरव सिन्हा और जिला कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार पांडेय भी शामिल हुए.
आसानी से नहीं बन रहा जाति प्रमाण पत्र, 12 को प्रदर्शन की तैयारी
जिले में जाति प्रमाण पत्र के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है आसानी से जाति प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है. जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा 12 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगी.
यहां मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा. महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश साहू ने बताया कि धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हर क्षेत्र में बैठक कर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा.

