
उदित वाणी जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भोला बागान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारसुगुड़ा (उड़ीसा) डकैती कांड के फरार आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार किया है। उड़ीसा पुलिस और गोविंदपुर थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई मंगलवार देर रात की, जब सूचना मिली कि संजय अपने भाई के घर पहुंचा है और डकैती में लूटे गए जेवरात व सामान छुपाने की फिराक में है।
करीब एक सप्ताह पहले उड़ीसा के झारसुगुड़ा में एक सिंधी परिवार के घर पर बड़ी डकैती हुई थी। इस वारदात में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। घटना के बाद से ही उड़ीसा पुलिस आरोपी गिरोह की तलाश में थी। पुलिस पहले ही इस मामले में गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन्हीं गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान संजय सिंह का नाम सामने आया और उसके गोविंदपुर में छुपे होने की जानकारी मिली।
सूचना के आधार पर उड़ीसा पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से भोला बागान स्थित घर में छापामारी की। पुलिस को देखते ही संजय भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से लूट के कुछ जेवर और संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं। बरामदगी की सूची को उड़ीसा पुलिस जांच में शामिल कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि संजय मूल रूप से उड़ीसा का रहने वाला है और वारदात के बाद सीधे अपने भाई के घर जमशेदपुर आ गया था। यहां वह लूटे गए सामान को छुपाने और आगे खपाने की योजना बना रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि इस अपराध में शामिल गिरोह के कुछ सदस्य अब भी फरार हैं।
गिरफ्तारी के बाद उड़ीसा पुलिस संजय को अपने साथ ले गई है। पूरे गिरोह की गतिविधियों, नेटवर्क और बचे हुए सामान की बरामदगी को लेकर आगे की जांच जारी है।

