
उदित वाणी, जमशेदपुर : “मेहनत की चाबी से ही सफलता का ताला खुलता है.” इस कहावत को चरितार्थ करते हुए एनटीटीएफ आर डी टाटा तकनीकी केंद्र गोलमुरी के 16 प्रशिक्षुओं ने प्लेसमेंट ड्राइव में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और आरकेएफएल (आर के एफ एल) कंपनी में चयनित हो गए. कंपनी ने इन युवाओं को उनके तकनीकी कौशल और क्षमता के आधार पर चेन्नई तथा जमशेदपुर प्लांटों में नियुक्ति दी है.
चयनित उम्मीदवारों में चेन्नई प्लांट के लिए चार प्रशिक्षु -कृष्णा, आदित्य जंघेल, सौरव मंडल और सुमित रजक -को 3.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज ऑफर किया गया है. वहीं, जमशेदपुर प्लांट में 12 प्रशिक्षुओं -प्रथम, करण सिंह, अभिजीत, कौशल, सूरज बोइपाई, शुभम भागुली, विकास, सिमरप्रीत, माधव, अमन, आदित्य राज और देवाशीष -का चयन 3.0 लाख रुपये के आकर्षक पैकेज पर हुआ है.
संस्थान के प्राचार्य प्रीता जॉन और उप प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने सभी सफल प्रशिक्षुओं को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस सफलता से संस्थान में उत्साह का माहौल है और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का काम कर रही है. एनटीटीएफ गोलमुरी लगातार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है.

