
उदित वाणी, जमशेदपुर : एनआईटी जमशेदपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के नवनियुक्त चेयरमैन सुनील अलघ के संस्थान पहुंचने पर निदेशक (प्रो) डॉ गौतम सूत्रधर द्वारा शॉल, मेमेंटों और बुके देकर शानदार स्वागत किया गया. राष्ट्रपति द्वारा एनआईटी जमशेदपुर बोर्ड आफ गवर्नर्स के शासी निकाय के अध्यक्ष की नियुक्त के पश्चात सुनील अलघ संस्थान के क्रिया-कलाप की समीक्षा एवं भावी विकास की योजनाओं पर चर्चा के लिए गुरुवार को संस्थान परिसर पहुंचे. सुनील अलघ ने एनआईटी जमशेदपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के चेयरमैन के तौर पर संस्थान के डायमंड जुबली हॉल में डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकों के साथ वार्ता की. चेयरमैन ने कहा कि आने वाले समय में एनआईटी जमशेदपुर अपनी रैंकिंग सुधारेगा. चेयरमैन ने कहा कि रैकिंग सुधारने के लिए उसके जो पैरामीटर है, उस पर काम होगा. संस्थान के इंफ्राचर पर भी काम किया जाएगा. अलघ ने प्राध्यापक, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुझाव दिया कि आपको लगातार सीखते रहना होगा, पढ़ना होगा और नए विचारों से खुद को अपडेट रखना होगा.
संस्थान को टॉप-50 स्लैब में लाने का लक्ष्य
संस्थान के निदेशक प्रो (डॉ) गौतम सूत्रधर ने अपने सम्बोधन में संस्थान को टॉप 50 कॉलेज की श्रेणी में लाने को अपना लक्ष्य बताया. उन्होंने एनआईटी जमशेदपुर के विकास की रूपरेखा भी प्रस्तुत की. संस्थान के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
ब्रिटानिया के सीईओ रहे है अलघ
संस्थान के नये अध्यक्ष सुनील अलघ, भारत के जाने माने उद्योगपति हैं और प्रख्यात प्रबंधन कंपनी एसकेएस एडवाजर्स (जो व्यवसाय विपणन एवं ब्रांड प्रबंधन रणनीतियों की विशेषज्ञ कंपनी है) के फाउंडर्स एवं प्रबंध निदेशक हैं. अलघ ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक और सीईओ भी रह चुके हैं. ईन्होने सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज से एकोनोमिक्स में (ऑनर्स) एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कोलकाता से एमबीए किया हैं. वे प्रसार भारती, यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड, गति लिमिटेड और इंडोफिल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बोर्ड में भी रह चुके हैं. इसके अलावा जर्मनी की हनोवर रे कंपनी में सलाहकार के रूप में भी कार्यरत हैं. नवनियुक्त चेयरमैन सुनील अलघ सीएनबीसी इंडिया पर “द जॉब शो” नामक कार्यक्रम के होस्ट रह चुके हैं, जो भारत का पहला टेलीविज़न जॉब हंट शो था. वर्ष 2004 में वे अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (आईमा) के अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए. सुनील अलघ कई सम्मान और पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं.

