
उदित वाणी, जमशेदपुर : शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय महत्व का संस्थान एनआईटी जमशेदपुर सोमवार 29 दिसंबर को अपने 15वें दीक्षांत समारोह का आयोजन करेगा. मुख्य अतिथि के रूप में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उपस्थित होंगी, जबकि झारखंड राज्यपाल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति आमंत्रित हैं.
डिग्री वितरण
समारोह में कुल 1,114 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें दो मानद उपाधियां शामिल हैं. इनमें 612 छात्र भौतिक रूप से उपस्थित होंगे—417 स्नातक, 149 स्नातकोत्तर और 46 पीएचडी. समग्र विवरण में बीटेक (732), एमटेक (106), एमएससी (89), एमसीए (108) और पीएचडी (77) छात्र शामिल हैं.
स्वर्ण पदक विजेता
राष्ट्रपति द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दो स्वर्ण पदक दिए जाएंगे-कृष्णाशिष मंडल (एमएससी भौतिकी, सीजीपीए 9.64) और प्रियांशु राज (बीटेक विद्युत अभियांत्रिकी, सीजीपीए 9.52) को. मानद उपाधियां स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज (डॉक्टर ऑफ लिटरेचर) और श्री रबींद्र कुमार बेहरा (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) को प्रदान होंगी.
प्रमुख अतिथि व उद्गार
निदेशक प्रोफेसर गौतम सूत्रधार ने कहा कि संस्थान शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर केंद्रित है. डीन (अकादमिक) प्रोफेसर एमके सिन्हा ने पाठ्यक्रम सुधार और परिणाम-आधारित शिक्षा पर जोर दिया. समारोह में 8 विशिष्ट अतिथि, 27 विशेष अतिथि और संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहेंगे.

