
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई जब दिल्ली एनआईए की एक टीम आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने की शंका के आधार पर स्थानीय निवासी शामी से पूछताछ करने पहुंची. सूत्रों के अनुसार, दिल्ली एनआईए को शामी के कथित रूप से आतंकी नेटवर्क से संपर्क में होने की आशंका थी. इसी कड़ी में एनआईए की टीम 3 फरवरी को जमशेदपुर पहुंची और शमी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की.
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान शामी से उसके संपर्कों, मोबाइल गतिविधियों और हाल के आवागमन को लेकर सवाल किए गए. हालांकि, प्रारंभिक पूछताछ के बाद दिल्ली एनआईए ने शामी को छोड़ दिया. फिलहाल उसके खिलाफ किसी तरह की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं की गई है.
सूत्रों का कहना है कि जांच अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और आवश्यकता पड़ने पर शामी को दोबारा पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया जा सकता है. इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं शामी के परिजनों का कहना है कि वह निर्दोष है और जांच में पूरा सहयोग कर रहा है.

