
उदित वाणी, जमशेदपुर : एनएच-33 स्थित रंजन ढाबा के पास बीते 18 दिसंबर 2024 को एक युवक से मोबाइल छिनतई की घटना का खुलासा करते हुए एमजीएम थाना पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग कृष्णा कुमार एवं निखिल गोस्वामी के साथ एक विधि विरुद्ध किशोर शामिल है. इनके पास से छिना गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है.
पीड़ित अनिश कुमार गुप्ता, निवासी वास्तु विहार, बालीगुमा, से मोबाइल छीनने के बाद आरोपी गोड़गोड़ा की ओर फरार हो गए थे. इस संबंध में एमजीएम थाना में लिखित शिकायत के तहत मामला दर्ज किया गया था.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 22 जुलाई 2025 को छापेमारी कर तीनों को धर दबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि छिनतई की घटना को अंजाम देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था. जब्त मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर MD2B72BXXRP79690 और इंजन नंबर JEXPRA79638 का सत्यापन किया गया, वहीं उस पर लगा पंजीयन नंबर जे एच05डीओ 3208 फर्जी पाया गया.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान डिमना रोड निवासी कृष्णा कुमार (19 वर्ष), निखिल गोस्वामी (19 वर्ष) और एक नाबालिग लड़का शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है. पुलिस मोबाइल छिनतई के इस गिरोह की गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है तथा इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की तलाश की जा रही है. बरामद सामानों में एक रियलमी मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर मोटरसाइकिल. पुलिस ने इस सफलता को त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय का परिणाम बताया है.

