
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स ने अपने संस्थापक जमशेदजी नसेरवानजी टाटा (जेएन टाटा) को उनकी 184वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की. भारतीय उद्योग के पितामह कहे जाने वाले जेएन टाटा को कंपनी परिसर में आयोजित संस्थापक दिवस समारोह में श्रद्धासुमन अर्पित किया गया.
टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन नोएल नवल टाटा और टाटा स्टील के एमडी सह सीईओ टीवी नरेन्द्रन ने सबसे पहले टाटा मोटर्स प्लांट स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी.
मौके पर टाटा मोटर्स के वीपी सीवी ऑपरेशन्स विशाल बादशाह, प्लांट हेड रवीन्द्र कुलकर्णी, यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते और महामंत्री आरके सिंह मौजूद थे. विशाल बादशाह, वीपी सीवी ऑपरेशंस, टाटा मोटर्स ने कहा कि टाटा मोटर्स में आज हम सभी के लिए एक बहुत ही खास दिन है क्योंकि हम अपने संस्थापक जेएन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठे हुए हैं, जिनकी विरासत, व्यापार आचरण के लोकाचार में स्थिर है.
हम इस दिन को टाटा परिवार का हिस्सा होने के गर्व और संतुष्टि की भावना व्यक्त करने के लिए मनाते हैं.टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन नोएल नवल टाटा ने वरिष्ठ नेतृत्व टीम के साथ मुलाकात की और नए ट्रिम लाइन कारखाने में अत्याधुनिक उत्पादन सुविधा का दौरा किया.
उन्होंने जनरल ऑफिस ग्राउंड फ्लोर पर कंट्रोल टॉवर के माध्यम से ऑटो जनरल ऑफिस कारपोर्ट में सोलर पैनल और आरबीटी (रोलर ब्रेक टेस्ट) क्षेत्र के रूफटॉप सोलर पैनल का उद्घाटन किया. इस उद्घाटन के साथ टाटा मोटर्स की जमशेदपुर सुविधा की ऑनसाइट सौर संयंत्र क्षमता 6.3 मेगा वाट पावर से बढ़कर 7.5 मेगावाट पावर हो जाएगी, जो टिकाऊ विनिर्माण के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है. इस यादगार अवसर पर टीम द्वारा उत्पादों और समुच्चय की भविष्य की रेंज को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया.
यह दिन खास महत्व रखता है-कुलकर्णी
रवींद्र कुलकर्णी, प्लांट हेड, टाटा मोटर्स जमशेदपुर ने कहा कि टाटा मोटर्स में आज का दिन हमारे लिए एक महत्वपूर्ण अर्थ रखता है क्योंकि हम अपने संस्थापक जेएन टाटा की स्मृति का सम्मान करते हैं, जिनके व्यापार आचरण के सिद्धांत हमारे भीतर गहराई से जुड़े हुए हैं. यह अवसर टाटा परिवार के सदस्यों के रूप में हमारे लिए गर्व और संतोष का क्षण है.


