
उदित वाणी जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के न्यू बाराद्वारी स्ट्रेट माइल रोड में रविवार को चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना दोपहर 2:30 बजे से रात 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब घर मालिक अमित सोलंकी घर से बाहर थे।
घर लौटे तो टूटा मिला ताला
सूत्रों के अनुसार, अमित सोलंकी रात लगभग 10:30 बजे अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर अलमारी और सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखी 20 लाख रुपये नकद राशि गायब है। इसके बाद उन्होंने तत्काल सीतारामडेरा थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच से पता चला कि चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे।
पुलिस घर के आसपास लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। आसपास के लोगों से पूछताछ भी जारी है।
सुनियोजित लग रही है वारदात
पुलिस का कहना है कि चोरी की यह घटना सुनियोजित प्रतीत होती है और चोरों को घर की गतिविधियों की जानकारी थी। तकनीकी साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों में दहशत, गश्ती बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वे क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
