
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के पीछे स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल का उद्घाटन आगामी जनवरी माह में किया जाएगा. उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. हालांकि कार्यक्रम की तिथि और समय का निर्धारण बाद में किया जाएगा.
इस संबंध में अस्पताल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संस्थान की शैक्षणिक और चिकित्सकीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी.
मदन मोहन सिंह ने बताया कि नेताजी सुभाष ग्रुप झारखंड और बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है. बिहार के पटना में नेताजी सुभाष इंजीनियरिंग कॉलेज, नेताजी सुभाष पॉलिटेक्निक कॉलेज, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल, बिहटा के साथ-साथ झारखंड में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूलों के 10 संस्थान और आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल का संचालन किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि आदित्यपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था और छात्रों का पठन-पाठन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है. यह संस्थान झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, जहां अत्यंत कम लागत पर मरीजों का उपचार किया जाता है. साथ ही आयुष्मान भारत योजना की सुविधा उपलब्ध होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है.

