
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास संकटा सिंह पेट्रोल पंप के समीप रविवार को सब्जी विक्रेताओं और आरपीएफ जवानों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सब्जी विक्रेताओं का आरोप है कि जवानों ने उन्हें हटाने के दौरान उनकी सब्जियां सड़क पर फेंक दीं और 500 रुपये जुर्माना की मांग की। अचानक हुई इस कार्रवाई से सब्जी विक्रेताओं में नाराजगी फैल गई।सब्जी विक्रेता राजकुमार, रामेश्वर और बबीता देवी ने बताया कि वे रोजाना की तरह ग्राहकों को सब्जी बेच रहे थे। तभी आरपीएफ जवान पहुंचे और उन्हें वहां से हटाने लगे। विरोध करने पर जवानों ने सब्जियां उलट दीं, जिससे उनका काफी नुकसान हुआ। विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि उनसे 500 रुपये फाइन मांगा गया, लेकिन किसी तरह की रसीद नहीं दी गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाए और कहा कि गरीब तबके के लोग रोज कमाकर अपना घर चलाते हैं। ऐसे में जबरन वसूली और सब्जियां फेंकने से उनका नुकसान होना अनुचित है।
वहीं, आरपीएफ सूत्रों का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र और उसके आसपास अक्सर अवैध ठेला-खोमचा लगने से जाम की स्थिति और सुरक्षा संबंधी खतरा पैदा होता है। इसी वजह से नियमित रूप से अभियान चलाया जाता है। हालांकि जवानों द्वारा सब्जियां फेंकने और फाइन की रकम मांगने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस पूरे मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है। सब्जी विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जांच में निष्पक्षता नहीं हुई और कार्रवाई में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को सख्ती बरतने के साथ-साथ गरीबों की आजीविका को ध्यान में रखकर समाधान निकालना चाहिए।

