
उदित वाणी, जमशेदपुर : केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच और स्वतंत्र क्षेत्रीय महासंघों के आह्वान पर 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में कोल्हान क्षेत्र के ट्रेड यूनियनों का संयुक्त मंच पूरी तरह सक्रिय हो गया है. श्रमिक नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं (लेबर कोड), जनविरोधी कानूनों, आजीविका एवं लोकतांत्रिक अधिकारों पर हो रहे हमलों, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार समझौतों तथा अनियंत्रित निजीकरण के विरोध में यह हड़ताल आयोजित की जा रही है.
संयुक्त किसान मोर्चा और खेतिहर मजदूर संगठनों ने भी इस हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है. झारखंड के प्रमुख औद्योगिक केंद्र कोल्हान क्षेत्र में विभिन्न उद्योगों के मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं.
हड़ताल की स्थानीय रूपरेखा तैयार करने को लेकर कोल्हान क्षेत्र के सीटू (CITU), एट्यूसी (AITUC) समेत बैंक, बीमा और सरकारी कर्मचारियों के स्वतंत्र यूनियनों के प्रतिनिधि सक्रिय हैं. इन संगठनों के नेता मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा क्षेत्रीय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दे रहे हैं. ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि यह हड़ताल मजदूर वर्ग की एकजुटता का प्रतीक बनेगी.

