
पूर्वी सिंहभूम में 14 मार्च 2026 को सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के वर्चुअल उद्घाटन तथा राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई।
14 मार्च को सिदगोड़ा टाउन हॉल में होगा कार्यक्रम
बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि 14 मार्च को सिदगोड़ा टाउन हॉल में राष्ट्रीय लोक अदालत का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित जानकारी और लाभुकों को परिसंपत्ति वितरण किया जाएगा।
विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाने पर चर्चा
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाने की तैयारी पर चर्चा की गई। साथ ही मंच पर विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को परिसंपत्तियां प्रदान करने के लिए संभावित लाभुकों की सूची तैयार करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
योग्य लाभुकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के योग्य लाभुकों की पहचान कर उनकी सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, विभागीय समन्वय, स्टॉल की व्यवस्था और लाभुकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कई विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य शमद, आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह तथा डीआईओ एनआईसी किशोर प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इसके अलावा जेएसएलपीएस, शिक्षा, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, भूमि संरक्षण, मत्स्य, स्वास्थ्य, श्रम, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा विभाग, अग्रणी बैंक प्रबंधक, आधार पंजीकरण, सहकारिता, बाल संरक्षण तथा जेल प्रशासन के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।

