
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर नेत्रहीन पुरुषों का सातवीं और महिलाओं का तीसरा आईबीएफएफ नेशनल ब्लाइंड फुटबॉल टूर्नामेंट 2023 का आयोजन 17 मई से टिनप्लेट स्पोर्ट्स कंपलेक्स में होने जा रहा है.
20 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का उदघाटन शाम 4 बजे जिले की डीसी विजया जाधव करेंगी. टूर्नामेंट के निदेशक जगन्नाथ बेहरा ने बताया कि झारखंड के जमशेदपुर शहर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का नेत्रहीन फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है. इस टूर्नामेंट में पुरुषों वर्ग की 12 और महिला वर्ग की 12 टीमें शिरक करेंगी. 15 राज्यों की 24 टीमों के बीच खिताबी भिड़ंता होगा.
जोनल स्तर पर हुई प्रतियोगिता के उपरांत हर जोन से तीन तीन टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सेदारी कर रही हैं. टीमों के रहने की व्यवस्था जमशेदपुर के सुंदरनगर स्थित चेशायर होम और जेआरडी स्पोर्ट्स कंपलेक्स में की गई है.
इस प्रतियोगिता में कुल 230 महिला और पुरुष खिलाड़ी, 20 तकनीकी अधिकारी और 50 सहयोगी अधिकारी भाग ले रहे हैं. इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली भारत की चारों क्षेत्रीय टीमों में कई अंतर्राष्ट्रीय पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.
तीन चरण में होगा टूर्नामेंट
इस पूरे टूर्नामेंट के टेक्निकल डायरेक्टर सुनील जी मैथ्यू ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान तीन चरण में टूर्नामेंट संपन्न किए जाएंगे. पहला चरण लीग मैच का होगा, जबकि दूसरा चरण सेमीफाइनल और तीसरा चरण फाइनल नॉकआउट आधार पर खेला जाना है.
इस टूर्नामेंट की सभी मैच सुबह 6 से 10 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक खेले जाएंगे. मैचों को विधिवत संपन्न कराने हेतु विशेष रुप से मैच रेफरी आईबीबीएफ की ओर से नियुक्त किए गए हैं.
हर टीम में 5 खिलाड़ी होंगे
टूर्नामेंट के सभी मैच आईबीएफएफ के नियमानुसार खेले जाएंगे. मैच की अवधि 60 मिनट की होगी. प्रत्येक टीम में 5 खिलाड़ी होंगे. राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समिति के द्वारा पर्यवेक्षक का आगमन हो चुका है.
टूर्नामेंट के दौरान अंतरराष्ट्रीय मैचो के लिए भारतीय टीम के चयन भी होगा. चयनकर्ता के रूप में मुंबई से सुनील मैथ्यू, असम से वासुदेव बर्मन, दिल्ली से रितिक, जेएफसी से अरशद हुसैन और राहुल राज नामित किए गए हैं.
20 मई का समापन समारोह
20 मई को प्रतियोगिता का समापन समारोह होगा. इस प्रतियोगिता में विजेता , उपविजेता , द्वितीय उपविजेता और कई व्यक्तिगत पुरस्कारों से खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा. प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु आयोजन समिति का गठन किया गया है. जिसके आयोजन समिति के अध्यक्ष जगन्नाथ बेहरा और सचिव राजकुमार सिंह बनाए गए हैं.
इसके साथ ही आयोजन समिति ने जमशेदपुर की प्रबुद्ध जनता , खेल प्रेमियों, समाज सेवी संगठनों और संस्थाओं से विशेष अनुरोध किया कि इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना भरपूर सहयोग के लिए आगे आए.
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष जगन्नाथ बेहरा, सचिव राजकुमार सिंह, निदेशक नरेश कुमार, डब्ल्यू रहमान, चंद्रमणि मोदी, शंभू मुखी डूंगरी, राकेश उरांव, गोमिया सुंडी, उपेन्द्र बांद्रा और श्याम शर्मा सहयोग कर रहे हैं.

