
उदित वाणी, भुवनेश्वर: ओडिशा एफसी ने अपनी शानदार घरेलू फॉर्म को जारी रखते हुए चेन्नइयन एफसी के खिलाफ अपनी जीत के इंतजार को समाप्त किया. ओडिशा एफसी ने गुरुवार को अपने घरेलू मैदान कलिंगा स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के मैचवीक 8 के शुरुआती मुकाबले में चेन्नइयन एफसी को 3-2 से हरा दिया.
इस रोमांचक मुकाबले में जगरनॉट्स की जीत में वाफा हकमनेशी (37वें मिनट, आत्मघाती गोल), डिएगो मौरिसियो (49वें मिनट, पेनल्टी किक) और विंगर नंदाकुमार (90+6वें मिनट में) ने गोल दागे। विंगर नंदाकुमार को अंतिम क्षणों में विजयी गोल दागने के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया.
आज के परिणाम के बाद मुख्य कोच जोसेप गोम्बाउ के जगरनॉट्स अंक तालिका में पांचवें से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. ओडिशा एफसी सात मैचों में पांच जीत और दो हार से 15 जुटा चुकी है. वहीं, तीसरी हार के बाद हेड कोच थॉमस ब्रेडरिक के मरीना मचान्स तालिका में सातवें स्थान बने हुए हैं. चेन्नइयन एफसी सात मैचों में तीन जीत, एक ड्रा और तीन हार से 10 अंक जुटा चुकी है.
मैच का पहला गोल 37वें मिनट में आया, जब चेन्नइयन एफसी के सेंटर-बैक वाफा हकमनेशी के आत्मघाती गोल के कारण ओडिशा एफसी को 1-0 की बढ़त मिल गई.
बाएं फ्लैंक से बने एक हमले में साहिल पंवार ने बॉक्स के अंदर क्रॉस डाला, जिस पर रेनियर फर्नांडीस ने हेडर करके गेंद को दाहिने बॉटम कॉर्नर को निशाना बनाया लेकिन गेंद ने ईरानी डिफेंडर वाफा के बाएं पैर से ब्लॉक होने के बाद कांटा बदला और विपरीत दिशा की ओर गोललाइन पार कर गई जबकि गोलकीपर चेन्नइयन देबजीत मजूमदार के पास बेबसी से देखने के अलावा कोई अवसर नहीं था.
49वें मिनट में डिएगो मौरिसियो ने पेनल्टी किक को गोल में तब्दील करके ओडिशा एफसी की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। मेजबान टीम को यह सुनहरा मौका उस समय मिला, जब चेन्नइयन के मिडफील्डर प्रशांत करुथदथकुनि ने अपने बॉक्स के अंदर साहिल पंवार को पीछे से गिराकर फाउल कर दिया और रेफरी आदित्य पुरकायस्थ ने सीटी बजाकर पेनाल्टी किक देने में कोई देरी नहीं की. इसके बाद 46वें मिनट में बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर उतरे ब्राजीली स्ट्राइकर ने करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि गोलची देबजीत विपरीत दिशा की तरफ डाइव लगाकर चकमा खा बैठे.
60वें मिनट में चेन्नइयन एफसी के सुपर-सब डच विंगर अब्देनासेर अल खयाति ने गोल करके ओडिशा एफसी की बढ़त को कम करके स्कोर 1-2 कर दिया. दाहिने फ्लैंक से अजीत कुमार ने पेनल्टी एरिया की तरफ क्रॉस डाला और बोस्निया में जन्में क्रोएशियाई स्ट्राइकर पेटार स्लिसकोविक ने हेडर करके गेंद को फ्लिक किया. गेंद पहुंची फार पोस्ट की तरफ और 46वें मिनट में बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर उतरे खयाति ने वहां पहुंचने के बाद बाएं पैर से गेंद को क्रॉस करके गोलपोस्ट की दिशा दिखा दी.
आठ मिनट में स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+4वें मिनट में सुपर-सब डच विंगर अब्देनासेर अल खयाति ने पेनल्टी किक को गोल में तब्दील करके चेन्नइयन को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। चेन्नइयन को यह सुनहरा मौका उस समय मिला, जब 90वें मिनट में रहीम अली के दाहिनी फ्लैंक से पेनल्टी एरिया की तरफ क्रॉस को गोलकीपर अमरिंदर ने लपका जरूर लेकिन सेंटर-बैक वाफा हकमनेशी को ओडिशा के मिफील्डर साउल क्रेस्पो ने गलत ढंग से गिरा दिया और रेफरी आदित्य पुरकायस्थ ने सीटी बजाकर पेनाल्टी किक देने में कोई देरी नहीं की. रेफरी के फैसले को लेकर काफी बहस के बाद खयाति ने दाहिने पैर से बाएं पोस्ट को निशाना लगाकर अपना दूसरा गोल कर डाला.
90+6वें मिनट में विंगर नंदाकुमार ने गोल करके ओडिशा एफसी को फिर से बढ़त दिलाते हुए स्कोर 3-2 कर दिया. आईजैक के थ्रू-पास के बॉक्स के अंदर ब्लॉक होने के बाद फ्री बॉल पर झपटकर नंदाकुमार ने दाहिने पैर से करार शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया.
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में सातवां मुकाबला था और ओडिशा एफसी ने आज चार मैचों के इंतजार के बाद अपनी दूसरी जीत हासिल की जबकि चेन्नइयन एफसी ने दो मैच जीते हैं. दोनों के बीच तीन मैच ड्रा पर समाप्त हुए हैं.

