
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर व्यू इंग्लिश स्कूल के बाहर से बुधवार को रहस्यमय ढंग से लापता हुई दो नाबालिग छात्राओं को चांडिल रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, धतकीडीह निवासी निदा (11 वर्ष) और शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी हबीबा (11 वर्ष) सुबह स्कूल जाने के बाद अचानक गायब हो गई थीं। दोनों के परिजन बुरी तरह चिंतित थे और पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी थी।
इस बीच कपाली निवासी फैजुर रहमान उर्फ बबलू, जो टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे, ने ट्रेन में दोनों बच्चियों को देखा। उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधा। पुलिस ने रेल प्रशासन को अलर्ट किया, जिसके बाद चांडिल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
सूचना मिलते ही दोनों बच्चियों के परिजन चांडिल पहुंच गए और अपने बच्चों को देख राहत की सांस ली। फिलहाल यह जांच का विषय बना हुआ है कि दोनों नाबालिग छात्राएं स्कूल से सीधे जम्मूतवी एक्सप्रेस तक कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में वे वहां पहुंचीं।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर बच्चियों से बातचीत कर घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी लोगों में चर्चा है और अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।

