
उदित वाणी जमशेदपुर : उपायुक्त विजया जाधव की अध्यक्षता में भूमि और राजस्व विभाग की बैठक हुई. बैठक में डीडीसी प्रदीप प्रसाद, एसडीएम धालभूम संदीप कुमार मीणा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल, अपर उपायुक्त सौरभ सिन्हा, डीसीएलआर रवीन्द्र गगरई तथा अन्य पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में म्यूटेशन को लेकर सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि निबंधन कार्यालय में अंचलवार जितना भी म्यूटेशन प्रतिदिन होता है, अंचल कार्यालय में इसकी जांच करें कि म्यूटेशन ट्रांसफर हुए या नहीं. सभी अंचलाधिकारी को गैरमजुरआ जमीन का सर्वे तथा म्यूटेशन रिविजन एवं भू-अर्जन के तहत अर्जित भूमि का दाखिल खारिज करने का निदेश दिया गया. हाईकोर्ट के लंबित मामलों के भी जल्द निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई.
बैठक में सक्सेशन म्यूटेशन के मामलों को लेकर उपायुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी अंचलाधिकारी टाईम बॉन्ड तरीके से आवेदनों का निपटारा करें, ज्यादा समय तक लंबित नहीं रखें तथा बिना स्पष्ट कारण के कोई भी आवेदन रिजेक्ट नहीं हो, इसे सुनिश्चित करें.

