
उदित वाणी, जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव के तहत महापौर, नगर परिषद अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों के लिए नाम निर्देशन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है.
मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में अलग-अलग पदों पर प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं.
मानगो नगर निगम में महापौर (मेयर) पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नाम निर्देशन वापस नहीं लिया है.
वहीं वार्ड पार्षद पद पर छह उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान से हटने का निर्णय लिया है. इनमें वार्ड संख्या 01 से अनीता महतो, वार्ड संख्या 02 से मो. जावेद मंसूर, वार्ड संख्या 09 से नीतू सिंह, वार्ड संख्या 16 से हरिश चन्द्र तामसोय, वार्ड संख्या 18 से मोहम्मद नदीम अख्तर तथा वार्ड संख्या 33 से संजीत कुमार शर्मा शामिल हैं.
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए केवल नूतन सिंह ने अपना नाम निर्देशन वापस लिया है, जबकि अन्य सभी प्रत्याशी चुनावी मैदान में बने हुए हैं. वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए वार्ड संख्या 04 से मधुरेश बाजपेयी, वार्ड संख्या 13 से तरनुम निशा तथा वार्ड संख्या 16 से पायल कुमार, ध्रुप कुमार रजक और विजय कुमार रजक ने अपना नाम निर्देशन वापस ले लिया है.
चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है. जबकि वार्ड पार्षद पद पर वार्ड संख्या 02 से सुलेखा रानी दास एवं वार्ड संख्या 09 से तानिया असगर ने चुनाव से हटने का निर्णय लिया है.
नाम निर्देशन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आ गई है.
इसके साथ ही तीनों निकायों में चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों के और तेज़ होने की संभावना जताई जा रही है.

