
उदित वाणी, जमशेदपुर/चेन्नई: मुम्बई सिटी एफसी ने शनिवार को पिछड़ने के बाद मैच जीत नहीं पाने के अपने इतिहास को बदल डाला. आइलैंडर्स ने 6-2 से हाई-स्कोरिंग मुकाबला जीतकर चेन्नइयन एफसी को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में उसकी पहली घरेलू जीत से महरूम रखा और अपने अपराजित रहने के सिलसिले को जारी रखा.
मुम्बई सिटी के लिए जोर्गे परेरा डियाज (33वें), ग्रेग स्टीवर्ट (45+3वें), विनीत राय (49वें), विग्नेश दक्षिणामूर्ति (60वें), अल्बर्टो नोगुएरा (65वें मिनट में) और बिपिन सिंह (90+1वें) ने गोल दागे.
कोच डेस बकिंघम के आइलैंडर्स ने दो गोल से पिछड़ने के बाद जबर्दस्त वापसी करके यह मुकाबला जीता है और इसके साथ ही वे अंक तालिका में चौथे से फिर दूसरे स्थान पर आ गए हैं. मुम्बई सिटी ने छह मैचों में तीन जीत और तीन ड्रा से 12 अंक जुटा लिए हैं.
वहीं, मुख्य कोच थॉमस ब्रैडरिक के मरीना मचान्स अपनी दूसरी हार के बावजूद छठे स्थान पर बने हुए हैं. चेन्नइयन एफसी के पांच मैचों में दो जीत, एक ड्रा और दो हार से सात अंक हैं.
मैच का पहला गोल 19वें मिनट में आया, जब बोस्निया में जन्में क्रोएशियाई फॉरवर्ड पेटर स्लिसकोविक के हैडर ने चेन्नइयन एफसी को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. दाहिनी फ्लैंक में कॉर्नर किक पर आकाश सागवान ने फार पोस्ट की तरफ फ्लोटेड गेंद डाली और गेंद मुम्बई सिटी के डिफेंडर से डिफ्लेक्ट होकर रहीम अली तक पहुंची.
रहीम ने शॉट लिया लेकिन उनका प्रयास स्लिसकोविक के लिए क्रॉस बन गया और क्रोएशियाई फॉरवर्ड ने हैडर करके गेंद को गोलजाल में उलझा दिया.
32वें मिनट में डच अटैकिंग मिडफील्डर अब्देनासेर अल ख्याति ने गोल करके चेन्नइयन एफसी की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। एक जवाबी हमले में स्लिसकोविक ने अपने हाफ से गेंद लेकर तेजी से दौड़ लगाई और फिर अटैकिंग थर्ड पर पहुंचने के बाद गेंद के साथ होल्ड-अप प्ले दिखाया और फिर पीछे दाहिनी तरफ से दौड़ लगाते आ रहे अब्देनासेर अल ख्याति की तरफ पास डाला.
ख्याति ने अपने साथ लगे मुम्बई सिटी के लेफ्ट बैक मंदार देसाई को छकाने के बाद पहला शॉट बाएं पैर से लिया, जिसे सेंटर-बैक मेहताब सिंह ने हैडर से ब्लॉक जरूर किया लेकिन गेंद उनके पास फिर आ गई और उन्होंने इस बार राइट फुटर शॉट से नियर पोस्ट के निशाना बनाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर पुरबा लछेन्पा अपने बायीं तरफ डाइव लगाने के बावजूद बचाव करने में नाकाम रहे.
33वें मिनट में जोर्गे परेरा डियाज ने गोल करके मुम्बई सिटी को थोड़ी सी राहत पहुंचाते पहुंचाते हुए स्कोर 1-2 कर दिया. ग्रेग स्टीवर्ट ने बॉक्स के अंदर गोललाइन के करीब पहुंचने के बाद दाहिनी तरफ से हवा में क्रॉस डाला, जिस पर उन्होंने हैडर करके गेंद को गोलपोस्ट की दिशा दिखा दी जबकि चेन्नइयन के गोलकीपर देबजीत मजूमदार के सामने से गेंद टिप्पा खाकर गोललाइन पर कर गई.
रैफरी की हाफ टाइम की सिटी बजने से ठीक पहले (तीन मिनट में स्टॉपेज टाइम के दौरान 45+3वें मिनट में) मिली पेनाल्टी किक को गोल में तब्दील करके स्कॉटिश फॉरवर्ड ग्रेग स्टीवर्ट ने मुम्बई सिटी को 2-2 की बराबरी पर लाकर स्थानीय दर्शकों के जोश को शांत कर दिया. यह पेनल्टी किक आइलैंडर्स को उस समय मिली, जब चेन्नइयन के गोलकीपर देबजीत ने गेंद को पंच करने के चक्कर में बॉक्स के अंदर मिडफील्डर लालेंगमाविया राल्टे को पीछे गिराकर फाउल कर दिया.
रैफरी अश्विन ने स्पॉट किक देने और देबजीत को येलो कार्ड दिखाने में कोई देरी नहीं की. फिर स्टीवर्ट ने लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर अपना काम पूरा किया.
49वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी विनीत राय ने गोल करके मुम्बई सिटी को मैच में पहली बार बढ़त दिलाते हुए स्कोर 3-2 कर दिया. विंगर विपिन सिंह ने बॉक्स के अंदर बायीं तरफ से क्रॉस डाला, जिस पर डिफेंसिव मिडफील्डर विनीत ने पीछे से दौड़ लगाते हुए करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर देबजीत के पास अपने बायीं तरफ डाइव लगाने के बावजूद कोई मौका नहीं था। इस गोल के साथ ही जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सन्नाटा छा गया.
60वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी विग्नेश दक्षिणामूर्ति ने लंबी दूरी से करारा शॉट लगाकर मुम्बई की बढ़त को 4-2 कर दिया. कॉर्नर क्लीयर होने के बाद चेन्नइयन की डिफेंस से आई गेंद पर डिफेंडर ने मैदान पर उतरने के तीन 14 मिनट में बॉक्स के बाहर से बाएं पैर से वॉली लगाकर गोल दागा.
65वें मिनट में एक और स्थानापन्न खिलाड़ी अल्बर्टो नोगुएरा ने गोल करके मुम्बई सिटी की बढ़त 5-2 कर दी. मैदान पर उतरने के दो मिनट में स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर ने बिपिन सिंह के क्रॉस पर लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोललाइन के पार पहुंचाया.
चार मिनट के स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+1वें मिनट में बिपिन सिंह ने गोल करके स्कोर 6-2 से मुम्बई की जीत तय कर दी.
यह दोनों टीमें के बीच हीरो आईएसएल 17 मैच था और आइलैंडर्स आज आठवीं जीत हासिल की जबकि मरीना मचान्स ने छह मैच जीते हैं. दोनों के बीच केवल तीन मैच ड्रा रहे हैं.

