
उदित वाणी, जमशेदपुर : मुहर्रम-2025 को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में मनाने के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने टाउन हॉल, सिदगोड़ा में केंद्रीय शांति समिति एवं मुहर्रम समितियों के लाइसेंसधारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
प्रशासन ने क्या दिए सख्त निर्देश?
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जुलूस मार्ग में किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं होगा. सभी मुहर्रम समितियों को पुराने परंपरागत मार्ग से ही जुलूस निकालने को कहा गया है. प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को पूर्व में ही इन मार्गों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र सहित जिला एवं नगर निकाय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
क्या सुनवाई हुई समस्याओं की?
मुहर्रम समितियों द्वारा रखे गए सुझावों जैसे मार्गों की मरम्मत, रोशनी की व्यवस्था, साफ-सफाई, अवरोध हटाना, आवश्यक बेरिकेडिंग और मूलभूत सुविधाओं को लेकर उपायुक्त ने समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने आश्वस्त किया कि त्योहार के दौरान सभी जरूरी व्यवस्थाएं प्रशासन की ओर से मुहैया कराई जाएंगी.
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर, अफवाह फैलाने पर तुरंत कार्रवाई
उपायुक्त ने आगाह किया कि सोशल मीडिया पर झूठी खबरें या अफवाह फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तत्काल नजदीकी थाना या प्रशासनिक अधिकारी को सूचना दें. कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जाएगी.
सुरक्षा में कोई ढील नहीं
मेडिकल, एंबुलेंस, अग्निशमन और क्यूआरटी की टीमें आपात स्थिति के लिए तैनात रहेंगी. जिला प्रशासन पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति करेगा.
त्योहार की मर्यादा बनी रहे
एसएसपी पीयूष पांडेय ने मुहर्रम समितियों से अनुरोध किया कि प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति में वैकल्पिक उपाय स्वयं भी सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि मुहर्रम एक धार्मिक पर्व है, इसे किसी राजनीतिक या वैश्विक आंदोलन से जोड़कर प्रदर्शन न करें.
ग्रामीण एसपी ने ताजिए की ऊंचाई नियंत्रित रखने की सलाह दी, जबकि सिटी एसपी ने खतरनाक करतबों और बाइकर्स गैंग पर सख्त निगरानी की बात कही. नशे की हालत में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
समितियों से क्या अपेक्षा है?
प्रत्येक मुहर्रम समिति से अपेक्षा की गई कि वे अपने वालंटियर्स की सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराएं. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने हेतु समितियों के सक्रिय सदस्यों को विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी.

