
उदित वाणी, जमशेदपुर : मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के छात्र की आत्महत्या मामले ने जिला प्रशासन को गंभीर कर दिया है. जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त जमशेदपुर द्वारा मंगलवार को आदेश जारी कर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है.
समिति की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) करेंगे. इसमें अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-01) भोला प्रसाद को सदस्य बनाया गया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि समिति पूरे मामले की गहन जांच कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन एवं मंतव्य उपायुक्त को सौंपेगी. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. जिला प्रशासन ने कहा है कि इस संवेदनशील मामले में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

उपायुक्त का बयान
उपायुक्त ने कहा, “यह एक संवेदनशील प्रकरण है. निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.”

